मुंबई , जुलाई 28 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नीट परीक्षा पेपर लीक विवाद के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों में भाग लेने वाले छात्रों पर दर्ज सभी छोटे आपराधिक मामलों को तत्काल वापस लेने का निर्देश दिया है।

यह फैसला 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के नेतृत्व में हुए देशव्यापी छात्र आंदोलनों के बाद आया है। इस आंदोलन ने देश राजनीतिक परिदृश्य को गहरे तक प्रभावित किया और उसके दबाव में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपना पद छोड़ना पड़ा था।

नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों के बाद, छात्रों और युवाओं ने शैक्षिक न्याय और प्रणालीगत जवाबदेही की मांग को लेकर मुंबई, पुणे, नागपुर और नासिक सहित महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों में सड़कों पर उतरकर व्यापक प्रदर्शन किया था। लंबे समय तक चले इन प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई हुई और राज्य भर में कई छात्रों पर आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे।

मुख्यमंत्री फडणवीस के इस नए निर्देश से यह सुनिश्चित हुआ है कि इन युवा प्रदर्शनकारियों के शैक्षणिक भविष्य और करियर पर अब मुकदमों का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित