मुंबई , जुलाई 10 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर कर्ज माफी योजना' के तहत 56 लाख किसानों का दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने का ऐलान किया, जिससे महायुति गठबंधन का चुनाव से पहले किया गया एक वादा पूरा हुआ है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में यह ऐलान करते हुए इस शर्त को हटाने से राज्य के खजाने पर 3,000 से 4,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ने की बात कही लेकिन सरकार ने किसानों के व्यापक हित को प्राथमिकता दी है।
श्री फडणवीस ने योजना की पहुंच के बारे में विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए राष्ट्रीयकृत, व्यावसायिक और जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों के सत्यापित आंकड़ों का हवाला दिया और कहा कि इस योजना से 56 लाख किसानों को कुल 36,585 करोड़ रुपये का फायदा होगा। उन्होंने कहा, "यह सरकार द्वारा अब तक घोषित सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कर्ज माफी है।" उन्होंने नयी योजना से पिछली 'महात्मा ज्योतिराव फुले योजना' की कमियों को दूर करने की जानकारी दी , जिसके तहत अगर किसानों का बकाया कर्ज सीमा से एक रुपया भी ज्यादा होता था, तो उन्हें अक्सर योजना से बाहर कर दिया जाता था। नये ढांचे के तहत, जिन किसानों का बकाया दो लाख रुपये से ज्यादा है, वे अब दो लाख रुपये तक की एकमुश्त कर्ज माफी के हकदार होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित