मुंबई , जुलाई 15 -- महाराष्ट्र के सबसे प्रमुख राजनीतिक चेहरों में से एक की अमिट विरासत को सम्मानित करने के महत्वपूर्ण कदम के तहत, राज्य सरकार ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत अनंतराव पवार की जयंती को आधिकारिक तौर पर 2026 के लिए अपने राज्य-स्तरीय समारोहों की सूची में शामिल कर लिया है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार, 15 जुलाई को सर्कुलर जारी कर पुष्टि की कि महाराष्ट्र के विकास में इस नेता के अप्रतिम योगदान को याद करने के लिए अब हर वर्ष पूरे राज्य में 22 जुलाई का दिन मनाया जायेगा।

मंत्रालय सहित सभी प्रशासनिक मुख्यालयों में दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी। राज्य भर के विद्यालयों और महाविद्यालयों को उनकी सेवा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए स्मारक कार्यक्रमों को आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।

संबंधित क्षेत्रों के संभागीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में इन कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन और आयोजन को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

यह निर्णय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेताओं और मंत्रियों छगन भुजबल और हसन मुशर्रिफ के औपचारिक अनुरोध के बाद उठाया है, जिन्होंने इस मान्यता की वकालत करने के लिए मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी।

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजीत पवार का 28 जनवरी को बारामती के पास एक दुखद विमान दुर्घटना में निधन हो गया था।

उनके अचानक निधन के बाद, उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को पार्टी गुट का मार्गदर्शन करने के लिए आगे बढ़ाया गया और उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यभार संभाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित