मुंबई , जून 17 -- महाराष्ट्र विधान परिषद की स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए मतदान गुरुवार को होगा।

इन चुनावों को सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।

मतदान सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 22 जून को होगी।

चुनाव कार्यक्रम 17 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए घोषित किया गया था, लेकिन अहिल्यानगर, ठाणे, यवतमाल, पुणे, रायगढ़-रत्नागिरी-धुदुर्ग तथा वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष 11 सीटों के लिए कुल 31 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा उनमें छत्रपति संभाजीनगर, नासिक, जलगांव, भंडारा-गोंदिया, धाराशिव-लातूर-बीड, सोलापुर, परभणी-हिंगोली, नांदेड़, सांगली-सातारा, अमरावती तथा नागपुर शामिल हैं।

चुनाव अधिकारियों के अनुसार नगर निगमों, नगर परिषदों और जिला परिषदों के कुल 7,043 सदस्य मतदाता के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है, जबकि जलगांव में चतुष्कोणीय संघर्ष है। सोलापुर, नागपुर तथा धाराशिव-लातूर-बीड में सीधा मुकाबला होने की संभावना है।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार महायुति के नेता एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नासिक और जलगांव पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। नासिक में शिंदे गुट की शिवसेना के नरेंद्र दराडे और एमवीए समर्थित शरद पवार गुट के गोरख बोडके के बीच मुख्य मुकाबला है। भाजपा के बागी नेता गणेश गीते के चुनाव प्रचार से हटने के बावजूद शिंदे गुट के भीतर की खींचतान चर्चा का विषय बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित