मुंबई , मई 22 -- महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों से पहले सत्ताधारी महायुति गठबंधन के सहयोगियों के बीच सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर सहमति लगभग बन गयी है। गठबंधन के तीनों घटक दल भारतीय पार्टी जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) यह चुनाव मिलकर लड़ेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती समझौते के तहत भाजपा सबसे ज्यादा 12 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके बाद शिवसेना तीन और राकांपा दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने इस सहमति बना ली है। गठबंधन अपनी संगठनात्मक ताकत और संबंधित जिलों में प्रत्येक पार्टी के स्थानीय निकाय सदस्यों की संख्या के आधार पर सीटों के वितरण की रूपरेखा तैयार कर रहा है।

कुछ पारंपरिक सीटों को बदलने को लेकर भी चर्चा चल रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उप-मुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे एवं सुनेत्रा पवार के बीच होने वाली बैठक के बाद इस फॉर्मूले पर अंतिम मुहर लगा दी जायेगी। इस हफ्ते के आखिर में इसकी आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।

स्थानीय निकायों के सदस्य विधान परिषद की 17 सीटों पर होने वाले चुनाव में अपना प्रतिनिधि चुनेंगे। इसमें 16 द्विवार्षिक सीटें और नागपुर की एक उपचुनाव सीट शामिल है। नागपुर उपचुनाव की नौबत इसलिए आयी है, क्योंकि भाजपा नेता और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने राज्य विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद अपनी विधान परिषद सीट से इस्तीफा दे दिया था।

चुनाव आयोग 17 सीटों पर होने वाले विधान परिषद चुनावों का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर चुका है। इसके अनुसार, 25 मई को चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी। एक जून को नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख, दो जून को फॉर्मों की जांच तथा चार जून नाम वापसी की अंतिम तिथि तय की गयी है। मतदान 18 जून को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेगा और 22 जून को मतगणना होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित