नासिक , जुलाई 14 -- महाराष्ट्र के नासिक शहर की पुलिस ने 70 लाख रुपये नकद की कथित सशस्त्र डकैती के मामले में एक महिला समेत गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गुजरात की एक कंपनी के 70 लाख रुपये कथित रूप से बंदूक की नोक पर लूट लिए जाने के बाद पंचवटी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। नासिक अपराध शाखा ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान 55 लाख रुपये नकद, हथियार और कथित रूप से केंद्रीय गृह मंत्रालय, रेलवे और आयकर विभाग से जुड़े कई पहचान-पत्र बरामद किये गये।
पुलिस ने इस बात का पता लगाने के लिए एक अलग जांच शुरू की है कि क्या बरामद सामान का उपयोग सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को धोखा देने या अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए किया गया था। जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या आरोपी किसी बड़े अंतर-राज्यीय गिरोह से जुड़े हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित