यवतमाल , अक्टूबर 01 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 'बाबा जी दाते महिला सहकारी बैंक' में 242 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी और उसके बाद धन-शोधन की जांच के सिलसिले में गुरुवार को महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में नौ जगहों पर छापेमारी की कार्रवाई की।

यह मामला यवतमाल के अवधूतवाड़ी थाना में बाबा जी दाते महिला सहकारी बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों और कर्ज लेने वालों के खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकी पर आधारित है।

ईडी की मुंबई इकाई ने धन-शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज करने के बाद ये छापे मारे। रिपोर्ट्स के मुताबिक बैंक के पूर्व अधिकारियों, कर्मचारियों और कर्ज लेने वालों से जुड़ी जगहों पर तलाशी ली गयी। इस अभियान के दौरान करीब नौ जगहों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई।

एजेंसी बैंक की लोन देने की प्रक्रिया, ऋण के धन के गलत इस्तेमाल और उसके बाद हुए वित्तीय लेन-देन के रास्ते की जांच कर रही है। अधिकारियों को शक है कि बैंकिंग नियमों का उल्लंघन करके ऋण मंजूर किये गये और धन का कुछ हिस्सा उन कामों के लिए इस्तेमाल किया गया, जिनके लिए उन्हें मंजूरी नहीं दी गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित