मुंबई , अगस्त 27 -- महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सरकार संचालित एक आदिवासी आवासीय विद्यालय में 22 नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न करने के आरोपी 35 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

आरोपी की पहचान गणपत गवली के रूप में हुई है, वह आवासीय विद्यालय में रसोइये के सहायक के रूप में कार्यरत था और छात्रों को खाना बांटने का काम देखता था। यह घटना तब सामने आई जब 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने स्कूल अधीक्षक के पास जाकर आरोप लगाया कि गवली ने उसे गलत तरीके से छुआ था। इसके बाद पूछताछ में 21 अन्य लड़कियां भी समान आरोपों के साथ सामने आयी, जिससे शिकायतकर्ताओं की कुल संख्या 22 हो गयी।

शिकायतों के बाद ठाणे ग्रामीण पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गवली पर पहले से ही एक अन्य संस्थान में नाबालिग लड़कियों से छेड़छाड़ का मामला दर्ज है और वह जमानत पर बाहर था। जांचकर्ता अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि ऐसे आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति को नाबालिग लड़कियों के आवासीय विद्यालय में काम पर कैसे रखा गया।

आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वह अन्य घटनाओं में शामिल था और इस कथित दुर्व्यवहार की अवधि और सीमा का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि प्रभावित छात्राओं को परामर्श और आवश्यक सहायता प्रदान की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित