नागपुर , जून 24 -- महाराष्ट्र सरकार 21 से 23 जुलाई तक राज्यव्यापी 'महाराजस्व अभियान' चलायेगी, जिसके तहत लगभग 50 लाख परिवारों को राजस्व संबंधी सेवाओं और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन 21 जुलाई से शुरू होने वाला यह तीन दिवसीय अभियान लंबित राजस्व मामलों के निपटारे, आवश्यक राजस्व दस्तावेजों के वितरण तथा सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर केंद्रित होगा।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर नामांतरण (म्यूटेशन) प्रविष्टियों, जाति प्रमाणपत्र, भू-अभिलेख संबंधी सेवाओं और लंबे समय से लंबित राजस्व मामलों के समाधान की व्यवस्था की जायेगी।

श्री बावनकुले ने बताया कि अभियान का उद्देश्य समयबद्ध तरीके से नागरिकों की सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान बनाना और राजस्व प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाना है।

राज्य के सभी जिलों में राजस्व विभाग की निगरानी में एक साथ चलाये जाने वाले इस अभियान से करीब 50 लाख परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित