वाशिम , सितंबर 10 -- महाराष्ट्र के वाशिम में जिला परिषद के स्कूल के एक शिक्षक को पॉक्सो अधिनियम के तहत 14 नाबालिग छात्राओं के साथ पिछले सात से आठ महीनों तक अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने गरुवार को बताया कि आरोपी की पहचान बतौर दिलीप बोरकर (56) हुई है, जो मंगरुलपीर तालुका के काटा गांव के एक प्राथमिक स्कूल में तैनात था। यह मामला तब सामने आया जब छात्राओं ने एक महिला शिक्षक को इसके बारे में बताया। शिकायत के अनुसार आरोपी लड़कियों को अपने मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाता था, उन्हें गलत तरीके से छूता था और अगर वे किसी को इस बारे में बतातीं तो उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी देता था।

छात्राओं का यह उत्पीड़न सात से आठ महीनों तक चलता रहा। इस बात का पता चलने पर शिक्षक ने अभिभावकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। गुस्साए अभिभावकों ने आरोपी को पकड़कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सभी 14 पीड़ित छात्राओं के बयान दर्ज किए और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन शोषण से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित