मुंबई , मई 27 -- मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के भीतर एक फूड स्टोर में काम करने वाले 24 वर्षीय कर्मचारी को हवाई अड्डे के कस्टम अधिकारियों ने गिरफ्तार कर उसके पास से 1.77 करोड़ रुपये मूल्य का 1.21 किलोग्राम तस्करी का सोना बरामद किया है।

कस्टम अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान सांगली निवासी वीपी येडेकर के रूप में हुई है। उसने हवाई अड्डे पर एक पारगमन यात्री से तस्करी का यह सामान लेने के बाद सोने के पाउडर से भरे कैप्सूल शरीर के भीतर छिपा लिया था।

यह मामला सोमवार रात हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 के प्रस्थान क्षेत्र के पास सामने आया, जब निगरानी अभियान के दौरान अधिकारियों ने उसे पी-10 स्थान पर रोका। पूछताछ के दौरान येडेकर ने कबूल किया कि वह अपने शरीर के भीतर छिपाकर सोने के तीन टुकड़े ले जा रहा था। स्थापित नियमों का पालन करते हुए कस्टम अधिकारियों ने उसका एक्स-रे कराया, जिसमें उसके शरीर के भीतर छिपे सोने के तीन कैप्सूल होने की पुष्टि हुई।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने बाद में कस्टम्स कैंप कार्यालय में सोने के पाउडर वाले उन अंडाकार कैप्सूलों को शरीर से बाहर निकाला। इसके बाद अधिकारियों ने कुल 1,210 ग्राम सोना जब्त कर लिया। इसकी अनुमानित कीमत 1.77 करोड़ रुपये आंकी गयी है।

कस्टम के सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को आरोपी का स्वैच्छिक बयान दर्ज किया गया। इसमें उसने सोना रखने, ले जाने, संभालने और उसकी तस्करी की बात स्वीकार की।

जांचकर्ताओं ने दावा किया कि येडेकर ने कबूल किया है कि यह सोना उसका नहीं था और वह इसे किसी अन्य व्यक्ति के इशारे पर ले जा रहा था।

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने 8,000 रुपये के भुगतान के बदले एक पारगमन यात्री से यह सोना लिया था। उसके बयान और बरामदगी के आधार पर, हवाई अड्डा कस्टम ने मंगलवार को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों को अंदेशा है कि यह मामला हवाई अड्डे के जरिये संचालित होने वाले सोने की तस्करी के किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

कस्टम अधिकारियों ने कहा कि जांच फिलहाल शुरुआती चरण में है। पूछताछ जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित