मुंबई , सितंबर 22 -- शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के मुख्य प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मंगलवार को महाराष्ट्र सरकार से मांग की है कि प्रदेश में सूखे की स्थिति पर होने वाली किसी भी कैबिनेट बैठक का सीधा प्रसारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि इससे किसानों और आम जनता को स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा कि उनकी राहत और मदद के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है।
श्री राउत ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य में सूखे की स्थिति पर विस्तृत चर्चा के लिए एक विशेष कैबिनेट बैठक बुलाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रालय या अतिथि गृह के बंद कमरों में होने वाली बैठकों में जनहित के फैसले लेने के बजाय औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी महत्वपूर्ण बैठकें किसी स्टेडियम या खुले स्थान पर आयोजित की जानी चाहिए, जहाँ पत्रकार और किसानों के प्रतिनिधि सीधे शामिल हो सकें।
श्री राउत ने सत्ताधारी महायुति गठबंधन (भाजपा, शिवसेना और राकांपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि सूखे की गंभीर स्थिति से निपटने के लिए सरकार में कोई आपसी समन्वय नहीं है। उन्होंने मांग की कि नासिक में आगामी कुंभ मेले की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर प्रस्तावित बड़े खर्च में कटौती की जाए।श्री राउत के अनुसार, अनावश्यक खर्च रोककर करीब 35,000 से 40,000 करोड़ रुपये की राशि सीधे सूखा प्रभावित किसानों के कल्याण और राहत कार्यों में मोड़ी जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित