गढ़चिरोली , अक्टूबर 15 -- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले की अहेरी नगर पंचायत के पार्षद अमोल गुडेलीवार को 1.2 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गुरुवार को गिरफ्तार किया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गुडेलीवार को अपराह्न करीब एक बजे अहेरी के मुख्य बाजार क्षेत्र में कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा गया। गोंदिया और गड़चिरोली की एसीबी टीमों ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।
शिकायत के अनुसार गुडेलीवार ने नगर पंचायत के तहत बिजली के काम करने वाले एक ठेकेदार से कथित तौर पर 1.2 लाख रुपये कमीशन की मांग की थी। रकम देने के इच्छुक नहीं होने पर ठेकेदार ने गोंदिया में एसीबी से संपर्क किया।
इसके बाद एजेंसी ने गवाहों की मौजूदगी में रिश्वत मांगने के आरोप का सत्यापन किया और इसकी पुष्टि होने पर जाल बिछाया। आरोपी को कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा गया। इसके बाद अहेरी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित