नासिक , जुलाई 14 -- महाराष्ट्र के नासिक स्थित प्रसिद्ध भावली बांध और जलप्रपात क्षेत्र में घूमने आए एक परिवार पर बदमाशों के गिरोह द्वारा हमला किए जाने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बदमाशों ने परिवार की एक महिला से छेड़छाड़ की और वहां से जान बचाकर भाग रहे परिवार का कई किलोमीटर तक पीछा किया। इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

नासिक का भागवत परिवार रविवार को पिकनिक मनाने के लिए भावली जलप्रपात गया था। वहां मौजूद एक गिरोह ने भागवत परिवार की महिला से छेड़छाड़ की। जब परिवार ने बदमाशों का विरोध किया, तो गिरोह ने उन पर हमला कर दिया। शुरुआती हमले के बाद भागवत परिवार अपनी कार में बैठा और मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, गिरोह ने परिवार का पीछा किया और लकड़ी के डंडों तथा लोहे की रॉड से उन पर वार करने की कोशिश करते हुए हमला जारी रखा।

पीछा करने के दौरान हमलावरों ने वाहन में तोड़फोड़ भी की। श्री भागवत ने बताया कि हमला शुरू होते ही वे गाड़ी तेज भगाकर किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित