पुणे , मार्च 19 -- गुड़ीपड़वा की पूर्व संध्या पर महाराष्ट्र के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ अचानक बेमौसम बारिश से फसलों के नुकसान को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गयी हैं। मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ के अनेक क्षेत्र इससे प्रभावित हुए हैं।
बीड तालुका में, नेकनूर और मांजरसुंबा जैसे इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। मूसलाधार बारिश के कारण धुले-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड पर घुटनों तक पानी जमा हो गया, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश लगभग 45 मिनट तक चली। ऐसी आशंका है कि इससे खड़ी रबी फसलों और फलों के बगीचों पर इसका बुरा असर पड़ा होगा। विदर्भ में गोंदिया जिले के मोरगांव अर्जुनी तालुका, विशेष रूप से शिरोली-महागांव क्षेत्र में अचानक ओले और बारिश हुई है। जहां मक्के की फसल को नुकसान होने की संभावना है, वहीं धान की फसल को कुछ हद तक फायदा हो सकता है। मौसम में आये इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित