मुंबई , सितंबर 01 -- महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के 225 अधिकारियों और कर्मचारियों की एक ऐसी सूची सामने आयी है, जिसमें उनके स्थानांतरण में मंत्रियों, विधायकों, सांसदों, नगर निगम के बड़े अधिकारियों की सिफारिशों का हाथ है।

यह जानकारी सूचना के अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता अनिल गलगली ने सदर अभियंता के कार्यालय से हासिल की। यह सूची उन अधिकारियों और कर्मचारियों से संबंधित है जो इस साल सहायक अभियंता, उप-अभियंता, कार्यकारी अभियंता और जूनियर अभियंता जैसे पदों पर काम कर रहे हैं।

आरटीआई अधिनियम के तहत मिली जानकारी की श्री गलगली की प्रारंभिक जांच के अनुसार सूची में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का नाम सबसे अधिक बार (10 बार) आया है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का नाम 9 बार आया, जबकि श्री गिरीश महाजन और श्री कालिदास कोलंबकर का नाम 7-7 बार आया। श्री मंगेश कुडलकर, श्री अन्ना बनसोडे और श्री तुकाराम काटे के नाम 6-6 बार दर्ज किये गये। श्री मुर्जी पटेल और श्री दिलीप लांडे का नाम 5-5 बार आया।

श्री गलगली ने कहा कि इस जानकारी ने स्थानांतरण से जुड़ी सिफारिशों को दर्ज करने के तरीके पर सवाल खड़े कर दिये हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम में तबादले प्रशासनिक जरूरतों, वरिष्ठता और दूसरे पारदर्शी पैमानों के आधार पर तय किये जाने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित