मुंबई/रायगढ़/ पुणे , जुलाई 06 -- महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश के बाद बाढ़, भूस्खलन और जल-भराव की समस्या उत्पन्न होने से यातायात और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिसके चलते प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है।
रायगढ़ जिले में चार नदियों के खतरे के निशान को पार करने से स्थिति काफी बिगड़ गई है। लगातार बारिश ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिसके कारण जिला प्रशासन को आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू करने पड़े हैं।लगातार खराब मौसम को देखते हुए मुंबई हवाई अड्डे पर सुबह की कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। इंडिगो ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मुंबई में खराब मौसम का असर उड़ानों के समय पर पड़ सकता है। भूस्खलन के कारण मुंबई और पुणे के बीच रेल सेवाएं बाधित हुई हैं। अप और डाउन दोनों लाइनों पर उपनगरीय ट्रेनें लगभग 15 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि कल्याण स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ और पूछताछ काउंटरों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने लोगों से बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। लोगों को पेड़ों, जर्जर इमारतों, होर्डिंग और बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा पेड़ों के नीचे गाड़ी पार्किंग नहीं करने और समुद्र के किनारे या पानी भरे इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।अस्पताल में इलाज करा रहे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुंबई और कोंकण क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित हर जिले की स्थिति का आकलन किया और राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों को तुरंत मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित