मुंबई , जुलाई 21 -- महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मंगलवार सुबह अलीबाग-पनवेल मार्ग पर एक बस अनियंत्रित होकर पलट गयी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अलीबाग से पनवेल जा रही बस का चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से फिसलकर नीचे उतर जाने के बाद पलट गयी। दुर्घटना के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। वाहन से बाहर निकलने के लिए यात्रियों ने बस की खिड़की के शीशे तोड़ दिये। स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों और राहत दल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आयी हैं और उन्हें प्राथमिक इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की रिपोर्ट नहीं है।
दुर्घटना के कारण अलीबाग-पनवेल मार्ग पर यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा। दुर्घटनाग्रस्त बस को वहां से हटाने के बाद यातायात दोबारा शुरू कराया गया।
घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की आगे की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित