मुंबई , अक्टूबर 22 -- महाराष्ट्र में इस साल नवरात्रि के त्योहारी सीजन के दौरान वाहनों के पंजीयन में थोड़ी सुस्ती देखी गयी और 11 से 20 अक्टूबर के बीच 1,12,814 वाहनों का पंजीयन हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 1,15,125 वाहनों का पंजीयन हुआ था।
राज्य में 2,311 वाहनों का पंजीयन कम हुआ, जो लगभग दो प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है , हालांकि नये वाहनों के पंजीयन में दोपहिया वाहनों और यात्री कारों की हिस्सेदारी सबसे अधिक बनी रही।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने इस गिरावट के लिए कम बारिश, सूखे जैसे हालात और वैश्विक आर्थिक माहौल में अनिश्चितता को जिम्मेदार बताया है, जिसका असर लोगों के खरीदारी के फैसलों पर पड़ सकता है।
महाराष्ट्र के 60 क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) से जुटाये गये आंकड़ों के अनुसार, निजी दोपहिया वाहनों (मोपेड को छोड़कर) के 77,449 पंजीयन हुए, जबकि निजी कारों के 25,536 पंजीयन हुए।
त्योहारी सीजन के दौरान पुणे में सबसे अधिक 12,752 वाहनों का पंजीयन हुआ। इसके बाद पिंपरी-चिंचवड़ का नंबर रहा, जहां 8,887 वाहनों का पंजीयन हुआ। इस तरह, इन दोनों पड़ोसी शहरी केंद्रों में कुल 21,639 वाहनों का पंजीयन दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख शहरों में पिछले 10 दिनों की अवधि में ठाणे में 4,474 और नासिक में 4,024 वाहनों का पंजीयन हुआ।
मुंबई के चार आरटीओ में कुल 13,160 पंजीयन हुए। इनमें मुंबई सेंट्रल में सबसे ज़्यादा 3,856 पंजीयन हुए, इसके बाद वडाला में 3,586, बोरीवली में 3,206 और अंधेरी में 2,512 पंजीयन दर्ज किये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित