मुंबई , सितंबर 24 -- महाराष्ट्र में शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने गुरूवार को घोषणा की कि वह महाराष्ट्र सरकार से तुरंत सूखा घोषित करने और किसानों को राहत सहायता प्रदान करने की मांग को लेकर 26 सितंबर को पंढरपुर में एक विशाल विरोध मार्च आयोजित करेगी।

यह मार्च राकांपा के संस्थापक श्री शरद पवार के नेतृत्व में निकाला जायेगा।

पंढरपुर में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद वरिष्ठ नेता एवं माढा लोकसभा सीट से सांसद धैर्यशील मोहिते पाटिल ने कहा कि राज्य में सूखे की स्थिति उम्मीद से कहीं अधिक गंभीर हो चुकी है। पानी की भारी कमी के कारण किसानों की फसलें सूख गई हैं और ग्रामीण इलाकों में पेयजल एवं चारे का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आधिकारिक तौर पर सूखा घोषित करने और आवश्यक कदम उठाने में देरी कर रही है, जिसके कारण पार्टी को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

यह विरोध मार्च पंढरपुर के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक से शुरू होकर तहसील कार्यालय तक जायेगा। इसमें लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले, वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल और शशिकांत शिंदे सहित जिले के कई सांसद, विधायक, स्थानीय पदाधिकारी और हजारों किसान शामिल होंगे। मार्च की शुरुआत से पहले पार्टी नेता और किसान पंढरपुर के श्री विट्ठल मंदिर में प्रार्थना करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित