मुंबई , जून 18 -- महाराष्ट्र में कर्ज माफी और फसल बीमा की मांग को लेकर किसान नेता रविकांत तुपकर की भूख हड़ताल के चौथे दिन गुरुवार को आंदोलन हिंसक हो गया।

अनशन के कारण श्री तुपकर की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर प्रदर्शनकारियों की मांगों पर सरकार की चुप्पी से किसानों का गुस्सा भड़क उठा है। विदर्भ सहित राज्य के कई इलाकों से सरकारी दफ्तरों और टोल टैक्स नाकों में आगजनी की रिपोर्टें आ रही हैं।

राजधानी मुंबई के दो सबसे सुरक्षित इलाकों में उस समय भारी हड़कंप मच गया, जब श्री तुपकर के सैकड़ों समर्थक वहां जा पहुंचे। मंत्रालय के बाहर एक प्रदर्शनकारी सुतली बमों से भरा बैग लेकर पेड़ पर चढ़ गया। पुलिस ने जब उसे नीचे उतारने की कोशिश की, तो उसने सुरक्षाकर्मियों पर बम फेंक दिये और पेड़ पर ही राष्ट्रगान गाने लगा। इस घटना से वहां काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। ठीक इसी समय गेटवे ऑफ इंडिया पर लातूर और अन्य जिलों से आये किसानों ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए समंदर में छलांग लगा दी। पुलिस और बचाव दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत सभी को पानी से बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित