नागपुर , मार्च 18 -- महाराष्ट्र सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एलपीजी की कालाबाज़ारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है तथा प्रदेश भर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 1,200 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 2,129 स्थानों पर निरीक्षण किए गए, जिनमें कुल 1,208 अवैध रूप से बेचे जा रहे एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए। इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों से 33 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूला गया है। इसके साथ ही 23 लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। यह कानून जमाखोरी और कालाबाज़ारी पर रोक लगाने के लिए लागू किया जाता है।

सरकार ने आम लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए एक व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर (9769919229) जारी किया है, जिस पर एलपीजी आपूर्ति, जमाखोरी या कालाबाज़ारी से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।

इस बीच केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी हालात के बावजूद देश में एलपीजी की उपलब्धता स्थिर है और किसी बड़ी कमी की आशंका नहीं है।

अधिकारियों के मुताबिक वैश्विक स्थितियों को देखते हुए आपूर्ति पर कड़ी निगरानी रखी जी रही है। घरेलू गैस उत्पादन में 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ऑनलाइन सिलेंडर बुकिंग 84 प्रतिशत से बढ़कर करीब 90 प्रतिशत हो गई है। इन कदमों से गैस वितरण व्यवस्था में सुधार हुआ है और उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि कालाबाज़ारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित