मुंबई , अक्टूबर 30 -- महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए ) ने खाद्य उत्पादों के अवैध पुन: उपयोग और बिक्री के मामले को गंभीरता से लिया है।

एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंडे ने यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि कुल 10 कार्रवाइयां की गई हैं और दो आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में प्रतिष्ठानों के मालिकों सहित कुल 32 लोगों को आरोपी बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि एक्सपायर हो चुके, खराब या वापस आये खाद्य उत्पादों को आधिकारिक दस्तावेजों में नष्ट हुआ दिखाया जाता था, जबकि असल में इस स्टॉक को एजेंटों के जरिए वापस बाजार में ला दिया जाता था। इसके बाद इन उत्पादों को फिर से पैक करके ग्राहकों को बेच दिया जाता था। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में तो उत्पादों को बिक्री के योग्य दिखाने के लिए उनकी निर्माण तिथि तक बदल दी जाती थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित