देहरादून , अक्तूबर 08 -- उत्तराखंड विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने गुरुवार को महाराष्ट्र पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र में एनडीपीएस मामले में वांछित अभियुक्त को हरिद्वार से गिरफ्तार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के थाना आनचोले पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 421/2026, धारा 8/21/29 (सी) एनडीपीएस अधिनियम में 268 ग्राम स्मैक की बरामदगी हुई थी, में वांछित अभियुक्त फैजान (24) पुत्र फुरकान, निवासी पाडली गुज्जर, थाना गंगनहर, जनपद हरिद्वार, मूल निवासी ग्राम चांदपुर, थाना पथरी लम्बे समय से फरार चल रहा था।

आज संयुक्त टीम द्वारा अभियुक्त की गतिविधियों एवं संभावित ठिकानों के सम्बन्ध में तकनीकी सर्विलांस एवं अन्य माध्यमों से जानकारी संकलित की गयी, जिसके आधार पर अभियुक्त की लोकेशन थाना गंगनहर क्षेत्र, जनपद हरिद्वार में चिन्हित होने पर संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने देर शाम बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त उक्त प्रकरण में लम्बे समय से पुलिस से छिपकर फरार चल रहा था तथा अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। अभियुक्त को अग्रिम वैधानिक कार्यवाही के लिए महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित