कोल्हापुर/सिंधुदुर्ग , अक्टूबर 3 -- महाराष्ट्र सरकार ने शनिवार को सिंधुदुर्ग जिले में आम और काजू किसानों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित 'स्मार्ट फार्मिंग' पायलट प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्य के मंत्री एवं सिंधुदुर्ग के पालक मंत्री नितेश राणे ने कहा कि बदलते मौसम के कारण पिछले डेढ़-दो वर्षों में सिंधुदुर्ग जिले में आम और काजू की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और किसानों को टिकाऊ खेती में सक्षम बनाने के लिए आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल सिंधुदुर्ग के कृषि क्षेत्र में एक तकनीकी क्रांति लाएगी।

उन्होंने बताया कि यह परियोजना कृषि विकास ट्रस्ट, बारामती और कृषि विज्ञान केंद्र के जरिए 'सिंधुरत्न समृद्धि योजना' के तहत कृषि विभाग चलायेगा। इस पायलट प्रोजेक्ट में जिले के सभी आठ तालुकों के कुल 400 किसानों को शामिल किया जाएगा, जिनमें 200 आम किसान और 200 काजू के किसान शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित