नासिक , अक्टूबर 02 -- महाराष्ट्र में नासिक नगर अपराध शाखा ने शहर में अवैध रूप से रहने के आरोप में दो बंगलादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से मिले आधार और पैन कार्ड को फर्जी होने के संदेह में जब्त कर लिया है।
नासिक के पुलिस आयुक्त संदीप कार्णिक, पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरण कुमार चह्वाण और सहायक पुलिस आयुक्त संदीप मिटके के निर्देशों पर अपराध शाखा इकाई ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस कांस्टेबल प्रवीण वाघमारे और विशाल देवरे को मिली गुप्त सूचना के आधार पर दो अक्टूबर को वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक डॉ. आंचल मुद्गल के नेतृत्व में एक टीम ने पंचवटी के पेठ रोड स्थित नवनाथ नगर इलाके में जाल बिछाकर दोनों पुरुषों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय रोनी अब्दुल शेख और 24 वर्षीय आशिक अली अकबर अंसारी के रूप में हुई है। ये दोनों वर्तमान में पंचवटी में रह रहे थे। दोनों मूल रूप से बंगलादेश के नोआखली जिले के मुरादपुर स्थिति मेजीबाड़ी, खेजूतल के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान आरोपिियों ने अपनी मूल पहचान क्रमशः मोहम्मद मुशर्रफ हुसैन मुजीबुर्रहमान खोकन और मोहम्मद सज्जात हुसैन आशिक बतायी है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से आधार और पैन कार्ड बरामद किये। जांच में ये दस्तावेज फर्जी पाये गये। बताया जाता है कि दोनों के पास वैध यात्रा दस्तावेज भी नहीं था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने भारत-बंगलादेश सीमा पर सक्षम नागरिक अधिकारियों की लिखित अनुमति के बिना अवैध रास्ते से भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की है। इस खुलासे के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया और पुलिस कांस्टेबल मुख्तार शेख द्वारा सरकार की ओर से दर्ज करायी गयी शिकायत पर पंचवटी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित