पुणे , मई 09 -- महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में पिछले 24 घंटों में हुई पांच सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 11 लोगों की जान चली गयीं।
पुलिस सूत्रों के मूुताबिक छत्रपति संभाजीनगर जिले की गंगापुर तालुका में घटित दुर्घटना में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की प्रथम वर्ष की छात्रा तेजल प्रधान की मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ दोपहिया वाहन पर सवार होकर शादी से जुड़े एक समारोह में शामिल होने जा रही थी, तभी एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। तेजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता को गंभीर चोटें आईं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सतारा तालुका के कसार्तले में भी एक दुखद हादसा हुआ। एक परिवार एक ट्रक में अपना घरेलू सामान ले जा रहा था, तभी रुका हुआ आइशर वाहन अचानक लगभग 50 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में तीन महिलाओं और एक छोटे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक में ले जाए जा रहे कई जानवर भी इस दुर्घटना में मारे गए। ट्रक चालक बच गया, और घायलों का इलाज सतारा जिला अस्पताल में चल रहा है।
बुलढाणा ज़िले में राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर एक दुर्घटना में पंढरी त्र्यंबक बगड़े की जान चली गई। वह सड़क के किनारे पैदल चल रहे थे, तभी एक मोटरसाइकिल ने उन्हें तेज़ रफ़्तार से टक्कर मार दी। यह घटना और भी ज़्यादा दुखद इसलिए हो गई, क्योंकि उसी दिन उनके पुत्र की शादी तय थी, जबकि उनकी पुत्री की शादी अगले दिन होनी थी।उनकी मौत की ख़बर से पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गयी।
बीड़ ज़िले के गेवराई तालुका में, कोलगाँव के पास कल्याण-विशाखापट्टनम राजमार्ग पर एक और जानलेवा दुर्घटना हुई। शिरूर कासार तालुका के निमगाँव मायम्बा के रहने वाले बाबूराव राम बाले और उनकी पत्नी मंगल बाले, एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी एक तेज़ रफ़्तार टेम्पो ने उन्हें सामने से ज़ोरदार टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित