मुंबई , मई 26 -- महाराष्ट्र मंत्रिपरिषद ने मंगलवार को सावंतवाड़ी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर लोकमान्य मधु दंडवते रेलवे टर्मिनस रखने की मंजूरी दे दी है।

पूर्व रेल मंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री दिवंगत मधु दंडवते को कोंकण रेलवे परियोजना के मुख्य वास्तुकार माना जाता है। मंत्रिपरिषद की मंज़ूरी के बाद अब अंतिम केंद्रीय मंज़ूरी के लिए एक औपचारिक प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्रालय और रेल मंत्रालय को भेजा जाएगा।

बैठक में प्रशासनिक ज़रूरतों को देखते हुए वर्ष 2026 के लिए राज्य सरकार के कर्मचारियों के सामान्य तबादलों की समय सीमा बढ़ाने को मंज़ूरी दे दी गयी। अब तबादला प्रक्रिया 30 जून, 2026 तक पूरी की जा सकती है।

एक अन्य फैसले में मंत्रिपरिषद ने डोंबिवली औद्योगिक क्षेत्र के सागांव-सोनारपाड़ा में स्थित श्री पिंपलेश्वर देवस्थान मंदिर ट्रस्ट को चार एकड़ और 25 गुंठा ज़मीन पर हुए अतिक्रमण को नियमित करने और उस ज़मीन को पट्टे पर देने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी।

बैठक में प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के काम में तेज़ी लाने के लिए महत्वाकांक्षी 'न्यू नागपुर' और आउटर रिंग रोड परियोजनाओं के लिए सीधी बातचीत के ज़रिए अधिग्रहित निजी ज़मीन पर स्टाम्प ड्यूटी और पंजीकरण शुल्क में पूरी छूट को मंज़ूरी दे दी। इस छूट से लगभग 637 करोड़ रुपये की वित्तीय राहत मिलने की उम्मीद है; इसकी मांग नागपुर मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (एनएमआरडीए) ने की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित