मुंबई , जुलाई 03 -- महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को विपक्षी शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट पर तंज कसते हुए कहा है कि यूबीटी गुट अब केवल तीन लोगों तक सिमटकर एक प्राइवेट लिमिटेड पार्टी बनकर रह गया है।

पार्टी के राज्य कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा, " संजय राउत को सबसे पहले यह बताना चाहिए कि क्या उनकी अपनी पार्टी में कोई लोकतंत्र बचा है। यूबीटी समूह में लोकतंत्र नाम की कोई चीज़ नहीं है। वास्तव में आपकी पार्टी में लोकतंत्र के अस्तित्व के लिए अब मुश्किल से ही कोई लोग बचे हैं। यूबीटी गुट केवल तीन लोगों उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और संजय राउत द्वारा संचालित एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनकर रह गया है। "उन्होंने कहा, " जैसा कि भाजपा विधायक नितेश राणे ने एकदम सही वर्णन किया है कि यूबीटी समूह अब एक 'बचत समूह' बन गया है। यहां तक कि एक बचत समूह में भी आपकी पार्टी से ज्यादा सदस्य होते हैं, इसलिए संजय राउत को लोकतंत्र के बारे में दूसरों को उपदेश नहीं देना चाहिए।"भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अदालत का लिखित फैसला ही उसका एकमात्र आधिकारिक प्रारूप होता है लेकिन फिर भी सामना के कार्यकारी संपादक संजय राउत उच्च न्यायालय के फैसले पर लगातार टिप्पणी कर रहे हैं। शायद उद्धव ठाकरे ने श्री राउत को उनकी बौद्धिक क्षमता के कारण संपादक नियुक्त नहीं किया।

उन्होंने कहा, " अगर आप संपादकीय लिखना चाहते हैं, तो इस बारे में लिखिए कि केंद्र में कांग्रेस-नीत सरकार के दौरान उच्चमत न्यायालय ने सीबीआई को 'पिंजरे का तोता' कहा था। यह सरकार जनहित में काम करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लगातार लोगों के बीच रहते हैं। "उन्होंने टिप्पणी की, " आपकी तरह हमारे नेता घर पर बैठकर 'मातोश्री 2' का विस्तार करने पर ध्यान केंद्रित नहीं करते। सरकारकी आलोचना करने से पहले पहले अपनी पार्टी संभालिए। "श्री बान ने चेंबूर की घटनाओं और गुरुवार को साकीनाका में हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए दोनों घटनाओं को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं संवेदनशील बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुंबई भाजपा अध्यक्ष और विधायक अमित साटम के बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत करने की कोशिश की गयी, जबकि उनका इस त्रासदी के प्रति किसी भी प्रकार की असंवेदनशीलता दिखाने का कोई भी इरादा नहीं था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित