छपरा , सितंबर 09 -- बिहार में सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र की मुंबई पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से करीब दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि कोंध गांव निवासी अमन कुमार सिंह और अमित कुमार के उपर मुंबई में एक महिला को विश्वास में लेकर उसके दो करोड़ रुपये के चेक पर जाली हस्ताक्षर कर राशि निकालने और बाद में उसे झांसा देकर फरार होने का आरोप है।

सूत्रों ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुंबई के नेरुल थाने में धोखाधड़ी और गबन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र स्थित कोंध गांव का निवासी होने तथा घटना के बाद अपने पैतृक गांव लौटने की जानकारी मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित