मुंबई , अगस्त 27 -- मुंबई के सायन रेलवे स्टेशन पर पुलिस और दमकलकर्मियों ने गुरुवार को खुदकुशी की कोशिश कर रहे एक डॉक्टर की जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉक्टर ने हाई-वोल्टेज ओवरहेड टॉवर से लटककर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। सुबह करीब 07:45 बजे घटित हुई इस घटना से यात्रियों में अफरातफरी मच गयी और व्यस्त स्टेशन पर तनावपूर्ण माहौल बन गया।
पुलिस ने बताया कि सतारा जिले के फलटन का रहने वाला यह डॉक्टर विरोध जताने के लिए हाई-टेंशन टॉवर पर चढ़ गया था। चश्मदीदों ने बताया कि अधिकारियों के नीचे आने की शुरुआती अपील के बावजूद, उसने फंदा बनाया और टॉवर से लटककर आत्महत्या करने की कोशिश की। सुरक्षा कर्मियों और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत टॉवर पर चढ़कर उसे नीचे उतारा।
सूत्रों ने यूनीवार्ता को बताया कि बचाव दल ने मौके पर ही उसे सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया और मेडिकल इलाज के लिए ले जाने से पहले उसे होश में लाने में सफलता हासिल की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित