मुंबई , अक्टूबर 22 -- महाराष्ट्र सरकार ने पालघर जिले में बनने वाले वधावन बंदरगाह के पास केमिकल पार्क विकसित करने के लिए 2,500 से 5,000 एकड़ जमीन देने की पेशकश करते हुए केंद्र सरकार से इसके लिए मंजूरी मांगी है।
गोरेगांव स्थित बॉम्बे एग्जीबिशन सेंटर में 'इंडिया केम 2026' के 14वें संस्करण का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पहल की घोषणा के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया और राज्य में इसके विकास की तैयारी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वधावन बंदरगाह का निर्माण तीन साल के भीतर पूरा होने की उम्मीद है और महाराष्ट्र सरकार इसके लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रस्तावित स्थल पालघर जिले के दहाणु तालुका में स्थित है। यह एक पर्यावरण-संवेदनशील क्षेत्र है। इसलिए, निर्माण शुरू करने से पहले इस परियोजना के लिए नियामक स्वीकृतियों और पर्यावरणीय मंजूरियों की आवश्यकता होगी।
गोरेगांव के नेस्को बॉम्बे एग्जीबिशन सेंटर में 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित इस 14वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन देश की विनिर्माण क्षमताओं, तकनीकी प्रगति और वैश्विक विर्निर्माण गंतव्य के रूप में इसकी क्षमता को प्रदर्शित करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित