बैतूल , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में घोड़ाडोंगरी पुलिस ने गोवंश तस्करी के संदेह में महाराष्ट्र नंबर की एक कार से पांच गायें बरामद की हैं। संदिग्ध कार का हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने करीब 30 किलोमीटर तक पीछा किया, जिसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। कार में सवार दो व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि रानीपुर क्षेत्र के सोभापुर-मेहकार गांव की ओर से महाराष्ट्र नंबर की कार में गोवंश भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना पर कार्यकर्ता रानीपुर रोड के चिकलार क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्हें संदिग्ध कार दिखाई दी।
कार्यकर्ताओं ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन की गति बढ़ाकर रानीपुर की ओर भागने लगा। कार्यकर्ताओं ने कार का करीब 30 किलोमीटर तक पीछा किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रानीपुर और घोड़ाडोंगरी पुलिस सक्रिय हो गई।
पुलिस ने घोड़ाडोंगरी रेलवे गेट के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया। कार का पंजीयन क्रमांक एमएच-12-एनबी-3870 बताया गया है। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें पांच गायें मिलीं। इसी दौरान कार में सवार दोनों व्यक्ति वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
हिंदू सेना के पदाधिकारियों के अनुसार कार में गायों को कथित तौर पर अमानवीय तरीके से रखा गया था। उनका दावा है कि गायों के चारों पैर रस्सियों से बांधकर उन्हें एक-दूसरे के ऊपर लादा गया था। पुलिस और कार्यकर्ताओं की मदद से सभी गायों को कार से बाहर निकाला गया।
बरामद गोवंश को घोड़ाडोंगरी स्थित गौशाला पहुंचाया गया। वहां पशु चिकित्सक ने गायों की जांच कर आवश्यक उपचार किया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पांचों गायों को कहां से लाया गया था और उन्हें महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था या नहीं। पुलिस कार के पंजीयन तथा वाहन से जुड़े लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित