पुणे , अप्रैल 09 -- आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने महाराष्ट्र में पुणे जिले के शिरूर इलाके से एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) की बिक्री में कथित रूप से शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के मार्गदर्शन में काम करते हुए एटीएस टीम ने संदिग्धों को रोका और लगभग 1.04 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए।

रांजणगांव के महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) और शिरूर इलाकों में एमडी ड्रग्स के बढ़ते चलन के बारे में जानकारी मिलने के बाद श्री गिल ने तुरंत एटीएस टीम को कार्रवाई करने का आदेश दिया। गोपनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए, टीम ने पुणे-अहिल्यानगर राजमार्ग के पास स्थित 'एम्पायर' पान की दुकान पर छापा मारा।

गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों की पहचान साहिल संदीप करंजुले (20) और ओंकार संजय धवड़े (23) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से एमडी ड्रग्स बरामद की गयी। आरोपियों के खिलाफ शिरूर थाना में एमडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, और अदालत ने उन्हें पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस उप-निरीक्षक हनुमंत नकाते द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित