रायगढ़ , अप्रैल 03 -- महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में शुक्रवार तड़के एक निजी यात्री बस के पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गयी और 38 अन्य घायल हो गए।

घायलों में से करीब 10 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि जीवित बचे यात्रियों ने आरोप लगाया है कि यह दुर्घटना किसी तकनीकी खराबी के कारण नहीं, बल्कि चालक के लापरवाह व्यवहार के कारण हुई है।

निजी लग्जरी बस मुंबई से गोवा जा रही थी, तभी मुंबई-गोवा राजमार्ग पर नागोठने के पास सुकली घाट में तड़के यह हादसा हुआ। एक तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस पलट गई। इस घटना से वाहन के अंदर फंसे यात्रियों के बीच अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।

तेज आवाज सुनकर स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। हादसे में बचे लोगों ने चालक के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि वह यात्रा की शुरुआत से ही तेज गति और लापरवाही से बस चला रहा था। यात्रियों के बार-बार टोकने के बावजूद चालक ने कथित तौर पर चेतावनियों को अनसुना कर दिया।

कुछ यात्रियों ने बस के चलते समय ही रेडबस पोर्टल पर चालक की खतरनाक ड्राइविंग के बारे में ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी। लेकिन शिकायत पर कोई कार्रवाई होने से पहले ही यह हादसा हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित