बैतूल , अगस्त 3 -- मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा से लगे बैतूल जिले के सावंगी गांव में पहली बार महाराष्ट्र के एक राज्यसभा सांसद की सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एमपीएलएडीएस) से विकास कार्य के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से गांव के प्रमुख शिवाजी चौक का सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत विकास कार्य कराया जाएगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अमरावती से राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल एस. बोंडे की सांसद निधि से स्वीकृत राशि से शिवाजी चौक पर चबूतरा एवं पेविंग ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन भी किया जा चुका है।

बताया गया कि ग्राम पंचायत सावंगी की सरपंच सुजाता राउत ने स्थानीय संसाधनों की सीमाओं को देखते हुए राज्यसभा सांसद से गांव के विकास के लिए आर्थिक सहयोग का आग्रह किया था। उनके प्रयासों के बाद सांसद निधि से राशि स्वीकृत हुई, जिसे ग्रामीण अंतरराज्यीय सहयोग का सकारात्मक उदाहरण मान रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार शिवाजी चौक गांव का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। लंबे समय से इसके विकास और सौंदर्यीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

पंचायत के अनुसार सरपंच सुजाता राउत के कार्यकाल में गांव में आधुनिक कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, ओपन जिम, सीसी सड़कें, नालियों का निर्माण तथा बेहतर प्रकाश व्यवस्था जैसे अनेक विकास कार्य कराए गए हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि दूसरे राज्य के सांसद की निधि से मध्यप्रदेश में विकास कार्य स्वीकृत होने के कारण जिला योजना कार्यालय द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही राशि जारी की गई।

सरपंच सुजाता राउत ने कहा कि उनका लक्ष्य सावंगी को सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों के लिए राज्य की सीमाएं बाधा नहीं बननी चाहिए।

ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे दो राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय का प्रतीक बताया तथा उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के सहयोग से गांव के अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित