मुंबई , जुलाई 10 -- महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की उपस्थिति में शुक्रवार को मुंबई के वाईबी चह्वाण सभागार में एक दिवसीय 'स्टार्ट-अप फ्रंटियर 1.0' स्टार्टअप प्रदर्शनी और सम्मेलन का उद्घाटन किया।
इस स्टार्टअप कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय, महाराष्ट्र राज्य नवाचार सोसायटी एवं आईस्पार्क फाउंडेशन ने मिलकर किया है।
राज्यपाल ने छात्रों के लिए एक ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म 'एचपी क्रियेटिव गेमिंग गैराज' और मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर के शुरू किये एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म 'मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी' की शुरुआत की। कौशल विकास, नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी मद्रास के 'आईआईटीएम प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन' और रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय के बीच एक समझौता पत्र (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया।
राज्यपाल ने स्टार्टअप प्रदर्शनी का भी दौरा किया और युवा उद्यमियों से बातचीत की।
इस अवसर पर कौशल विकास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा वर्मा, कौशल विकास आयुक्त अमित सैनी, एचपी इंक की उपाध्यक्ष इप्सिता दासगुप्ता, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे, महाराष्ट्र राज्य नवाचार सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. श्रीकांत पाटिल, रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. वैभव नरवड़े सहित विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, संकाय सदस्य, उद्यमी और छात्र उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित