मुंबई , जुलाई 30 -- महाराष्ट्र सरकार बढ़ते किराए के खर्चों पर अंकुश लगाने के लिए एक बड़े प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत अपने कामकाज का एक बड़ा हिस्सा दक्षिण मुंबई के नरीमन प्वाइंट पर बनी प्रतिष्ठित एयर इंडिया इमारत में स्थानांतरित करने जा रही है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गुरुवार को इस 23-मंजिला इस गगनचुंबी इमारत में एक कैबिनेट बैठक कक्ष और मुख्यमंत्री कार्यालय बनाने की व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
आधिकारिक योजनाओं के अनुसार, इमारत की 23वीं मंजिल (5,611 वर्ग फुट) में मुख्यमंत्री कार्यालय होगा, जबकि 22वीं मंजिल (13,363 वर्ग फुट) को राज्य कैबिनेट बैठकों के लिए एक आधुनिक और सुसज्जित हॉल में बदला जा रहा है।
वर्ष 1972 में निर्मित और हाल ही में केंद्र सरकार से खरीदी गई यह इमारत अब राज्य के उन विभिन्न विभागों को जगह देगी, जो वर्तमान में जगह की कमी के कारण मुख्य मंत्रालय परिसर से बाहर चल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित