छत्रपति संभाजीनगर , अप्रैल 16 -- महाराष्ट्र में मंत्री संजय शिरसाट (एकनाथ शिंदे गुट) ने एक सरकारी इमारत में 'आत्माओं' के होने से संबंधित बयान देकर एक बार फिर अंधविश्वास को हवा देने की कोशिश की है।

गौरतलब है कि उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब स्वयंभू बाबा अशोक खरात के राजनीतिक नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों पर प्रभाव को लेकर लगे आरोप पहले से ही जांच के दायरे में हैं।

मंत्री शिरसाट ने दावा किया कि छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम के परिसर में 'आत्माओं' का वास है। उनके अनुसार मौजूदा सरकारी इमारत जिस जमीन पर बनी है, वह कभी एक कब्रिस्तान हुआ करती थी। यही कारण है कि लोगों को इस इलाके में बेचैनी महसूस होती है।

उन्होंने सुझाव दिया कि यदि अधिकारी इस समस्या का समाधान चाहते हैं, तो नगर निगम की इमारत को किसी अधिक उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कर देना चाहिए। इस बयान पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित