मुंबई , जुलाई 31 -- महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में गुरुवार देर रात चार मंजिला इमारत के एक हिस्सा के ढ़हने से सात लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गये हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दुखद घटना में कई लोगों की जान जाने पर गहरा दुख जताया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ पूरी तरह खड़ी है।

श्री फडणवीस ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि वे तुरंत आपराधिक मामला दर्ज करें और घोर लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू करें।

अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्हें मलबे के नीचे अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। यह घटना भंडारी परिसर के गंगारामवाड़ी स्थित कोहिनूर अपार्टमेंट में हुई, जब इमारत के ''बी-विंग'' का एक हिस्सा अचानक ढह गया। अधिकारियों ने बताया कि बचाव दलों ने अब तक सात शव बरामद किए हैं जबकि मलबे से तीन घायलों को निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार मलबे के नीचे अभी भी छह से सात लोगों के दबे होने की आशंका है। खोज और बचाव अभियान जारी है। इमारत में 48 कमरे थे, जिनमें से हर मंजिल पर 12 कमरे थे। नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि इसे सी-1 श्रेणी के तहत असुरक्षित घोषित किया गया था, जिसके लिए तुरंत खाली कराने और गिराने की आवश्यकता होती है। प्रारंभिक खबरों से पता चलता है कि कुछ लोग मरम्मत का काम करने के लिए खाली इमारत में घुसे थे, तभी इमारत ढह गई। दमकल विभाग के कर्मचारी, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), आपदा प्रबंधन टीमें और नगर निकाय के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। मलबा हटाने के लिए खुदाई करने वाली मशीनों और अन्य भारी मशीनों को भी तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित