मुंबई , मार्च 24 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के निकट स्थित डोंबिवली में अवैध कर्ज का धंधा चलाने और यौन शोषण से जुड़ा एक बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है।
रामनगर थाने में आठ मार्च को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर आर्थिक रूप से परेशान महिलाओं को कर्ज देने का लालच देता था और नकद ब्याज वसूलने के बजाय महिलाओं को यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। वह पीड़ितों की मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें बार-बार प्रताड़ित करता था।
पुलिस के अनुसार, वह कई पहचानों का इस्तेमाल कर यह अवैध कर्ज का व्यापार तथा यौन शोषण के कृत्य को अंजाम दे रहा था। उसकी पहचान रहीम पदमासी उर्फ करीम मोहम्मद जैन उर्फ करण जोशी के रूप में हुई है।
प्राथमिकी में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी और महिलाओं के शोषण से जुड़ी धाराएं शामिल की गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जैसे-जैसे और पीड़ित सामने आएंगे और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे मामले में और भी धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।
मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार है। उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए कल्याण जिला सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने आरोपों की गंभीरता और शिकायतकर्ता के वकील महेश शिवदास की दलीलों पर विचार करने के बाद खारिज कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। साथ ही, पुलिस ने अन्य पीड़ितों से भी आगे आकर अपनी शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित