कोल्हापुर , अक्टूबर 19 -- महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के एक गांव में एक अज्ञात हमलावर ने सोमवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और सनसनी मच गयी।

पुलिस के अनुसार शिरोल तहसील के दानोली गांव में सोमवार सुबह महेश बजरंग दलवी (43) की हत्या उस समय हुई जब वह दोपहिया वाहन से अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। महेश दानोली गांव की उपसरपंच के बेटे थे।

गोली लगने से घायल महेश को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। संदिग्ध आरोपी की तलाश में अभियान शुरू कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित