पुणे , अक्टूबर 31 -- अक्टूबर का महीना समाप्त होने के बावजूद महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज अप्रत्याशित बना हुआ है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार है, जबकि कई जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और छिटपुट बारिश के आसार हैं, वहीं दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
आईएमडी के मुताबिक पुणे, सतारा, सांगली और कोल्हापुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पुणे और सतारा के घाट क्षेत्रों में भी बौछारें पड़ने के आसार हैं। नासिक और अहिल्यानगर जिलों के कुछ हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने सतारा, पुणे के घाट क्षेत्र और अहिल्यानगर के कुछ हिस्सों में सुबह के समय हल्की बारिश को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है। कोंकण क्षेत्र के रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में हालांकि मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहने केआसार हैं।
मुंबई में भारी बारिश का अनुमान नहीं है, फिर भी वायुमंडलीय परिस्थितियों में बदलाव देखने को मिल सकता है। मराठवाड़ा के अधिकतर जिलों, जिनमें छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड और हिंगोली शामिल हैं, में मौसम शुष्क रहेगा और यहां बारिश की कोई बड़ी गतिविधि दर्ज नहीं होने का अनुमान है।
इसी तरह विदर्भ के अधिकतर हिस्सों में भी मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। चंद्रपुर और गढ़चिरौली जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि बाकी क्षेत्र मुख्य रूप से शुष्क रहेंगे।
छिटपुट बारिश के अनुमान के बावजूद पूरे महाराष्ट्र में तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों में कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। विदर्भ में भी दिन के तापमान में क्रमिक वृद्धि के आसार हैं, जिससे दोपहर के समय उमस और असहज स्थिति बन सकती है। वहीं, कुछ इलाकों में रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है।
पूर्वानुमान के अनुसार, एक नवंबर को पुणे, सोलापुर और धाराशिव जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। विदर्भ के भी कुछ जिलों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बाद दो नवंबर को सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, सतारा और रत्नागिरी जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित