मुंबई , अगस्त 03 -- महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने ई-20 ईंधन की शुरुआत को एक बड़ा 'घोटाला' कहते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के इस्तीफे की मांग की है।
श्री सपकाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र और राज्य सरकारों पर तीखा हमला करते हुए ई-20 ईंधन की शुरुआत को एक बड़ा 'घोटाला' कहा, जिससे वाहन मालिकों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने प्रशासन पर एथेनॉल मिलाने के नाम पर पेट्रोल और डीजल में पानी मिलाने का आरोप लगाया, जिससे आम लोगों के वाहनों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। श्री सपकाल ने आरोप लगाया कि ई-20 ईंधन नीति, जिसे मूल रूप से 2030 में लागू किया जाना था, अब जल्दबाजी में और समय से पहले कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए लागू किया गया, जिससे आम वाहन चालकों के वाहनों के इंजन खराब हो गए।
श्री सपकाल ने हाल के उच्च-स्तरीय इस्तीफों का हवाला देते हुए एथेनॉल विवाद को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के तत्काल इस्तीफे की मांग की और साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश से माफी मांगने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित