नासिक , मार्च 31 -- महाराष्ट्र में स्वयंभू धर्मगुरु 'कैप्टन' अशोक खरात मामले में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में विशेष जांच दल ने खरात के बेटे को हिरासत में लिया है।

एक नाटकीय अभियान में, तीन महिला अधिकारियों और एक पुरुष अधिकारी वाली एसआईटी टीम कर्मयोगी नगर में स्थित खरात के बंगले गई और गेट पर दस्तक दी।

कोई जवाब नहीं मिलने पर, अधिकारियों ने अंततः पास के बंगले की दीवार फांदकर खरात के बंगले में प्रवेश किया। घर में प्रवेश करने के बाद, उन्होंने खरात की पत्नी कल्पना खरात की तलाश में पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। हालांकि, घर और बगीचे दोनों की व्यापक तलाशी के बावजूद, कल्पना खरात परिसर में नहीं मिलीं।

इसके बाद जांच एजेंसियों ने अशोक खरात के बेटे को हिरासत में लिया। खरात के बेटे को आगे की पूछताछ के लिए महाराष्ट्र पुलिस अकादमी लाया गया है।

एसआईटी पिछले 13 दिनों से अशोक खरात से गहन पूछताछ कर रही है। अब उसने उनके बेटे को भी हिरासत में लिया गया है। अब देखना है कि एसआईटी की पूछताछ से क्या नए खुलासे सामने आते हैं और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित