मुंबई , अक्टूबर 24 -- महाराष्ट्र की मीरा-भयंदर वसई-विरार पुलिस की अपराध शाखा ने एक अंतरराज्यीय ड्रग उत्पादन नेटवर्क का भंडाफोड़ कर अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह नेटवर्क गुजरात, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में अवैध इकाइयां चला रहा है। हाल ही में चलाये गये एक अभियान के दौरान तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पाटनचेरु स्थित पशामयलारम में एक अवैध ठिकाने का पता चला। यहां कथित तौर पर एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला एक रसायन तैयार किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर अपराध शाखा ने 21 अक्टूबर को एक जगह पर छापा मारा और तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरी जिले के रहने वाले रमेश बाबू साके को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने नशीले पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 2-ब्रोमो-4-मिथाइलप्रोपियोफेनोन रसायन का 88.699 किलोग्राम भंडार जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 27.06 लाख रुपये है। इसके अलावा कच्चा माल और प्रयोगशाला के उपकरण भी बरामद किये गये हैं। यह कार्रवाई साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय के तहत पतनचेरू पुलिस थाने की टीम की मदद से की गयी।

जांच की शुरुआत 24 जून 2026 को दर्ज एक मामले से हुई थी। उस दिन पुलिस ने नालासोपारा पूर्व निवासी अविनाश उर्फ सोनू लोकनाथ अकबर (22) और रविकांत ओमप्रकाश राम (23) को प्रगति नगर में मनवेल पाड़ा रोड स्थित बाबा पार्किंग कॉम्प्लेक्स के पास प्रिया वॉशिंग सेंटर के निकट गिरफ्तार किया था। उनके पास से करीब 3.36 लाख रुपये मूल्य की 112 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी।

तुलिंज पुलिस थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच बाद में अपराध शाखा की इकाई-4 को सौंप दी गयी। जांच के दौरान पुलिस गुजरात के कच्छ जिले की अबडासा तहसील के संधान गांव में चल रही एमडी ड्रग्स की अवैध निर्माण इकाई तक पहुंची, जिसे बंद करा दिया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की मेजा तहसील के मांडा क्षेत्र में कोसिडा कला स्थित कृषि भूमि पर संचालित एक अन्य अवैध निर्माण इकाई का पता लगाया गया।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान करीब 62.871 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, नशीले पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले लगभग 260 लीटर रसायन, नकदी, प्रयोगशाला के उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की गयी। अब तक गिरफ्तार 19 आरोपी महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना के निवासी हैं। कथित नेटवर्क में कई स्तरों पर काम होता था, जिनमें शुरुआती रसायनों का निर्माण, कच्चे माल की खरीद और आपूर्ति, ड्रग्स का परिवहन तथा वित्तीय लेनदेन का प्रबंधन शामिल था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित