मुंबई , अगस्त 20 -- महाराष्ट्र सरकार ने जरूरतमंद छात्रों को सहायता प्रदान करने और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय स्वशासन निकायों (जिला परिषद, नगर निगम, नगर परिषद आदि) के संचालित स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मुफ्त स्कूल बैग बांटने का फैसला किया है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने इस सामग्री की खरीद के लिए 174 करोड़ रूपये से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति जारी करते हुए एक आधिकारिक शासन निर्णय जारी किया है। विभाग के अनुसार, खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए ऑनलाइन ई-निविदा से काम किया जाएगा, जिसमें निर्धारित दिशा-निर्देशों और एक समान मूल्य नियमों का कड़ाई से पालन होगा।
इस योजना से प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5 तथा कक्षा 6 से 8) के लाखों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पढ़ाई-लिखाई के खर्च का बोझ कम करना और स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति को प्रोत्साहित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित