मुंबई , सितंबर 01 -- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाले सत्तारूढ़ शिवसेना गुट के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया है कि नवरात्रि से पहले शिवसेना (यूबीटी) के करीब 14 विधायक पाला बदलकर सत्तारूढ़ खेमे में शामिल हो सकते हैं।
'ऑपरेशन टाइगर पार्ट 2' कही जा रही इस दलबदल मुहिम की कमान कोंकण, मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र के तीन प्रमुख मंत्रियों के संभालने की सूचना है।
शिवसेना सूत्रों के अनुसार, ये मंत्री ठाकरे गुट के विधायकों के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं। शिवसेना का दावा है कि कई विधायक पाला बदलने के बदले कैबिनेट पद, मंत्री पद के विभाग या राज्य संचालित निगमों के अध्यक्ष पद की मांग कर रहे हैं।
इतने बड़े पैमाने पर दलबदल की संभावना ठाकरे गुट के लिए गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है, जिसने हालिया विधानसभा चुनावों में 20 सीटें जीती थीं। 14 विधायकों के जाने से उनकी विधायी ताकत नाटकीय रूप से घट जायेगी और राज्य के विपक्षी परिदृश्य में उनकी स्थिति काफी कमजोर हो जायेगी।
बढ़ती अटकलों के बीच यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने तुरंत कदम उठाते हुए अपने निवास 'मातोश्री' पर आपात बैठक बुलायी, ताकि ताजा हालात का आकलन कर विधायकों के बीच असंतोष को समझा जा सके और सत्तारूढ़ गठबंधन की चालों से निपटने के लिए जवाबी रणनीति बनायी जा सके।
शिवसेना यूबीटी के विधायक कैलाश पाटिल ने इन रिपोर्टों को राजनीतिक पैंतरेबाजी बताकर खारिज कर दिया। 'ऑपरेशन टाइगर' को एक बार-बार दोहराया जाने वाला हथकंडा करार देते हुए श्री पाटिल ने ज़ोर देकर कहा कि एक भी विधायक पार्टी छोड़ने की तैयारी नहीं कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित