कराड , अक्टूबर 21 -- महाराष्ट्र में सतारा जिले के कराड शहर में पुणे-बेंगलुरु राजमार्ग पर बुधवार तड़के तीन वाहनों की दुर्घटना में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा यादव आर्केड के पास यूनिक फ्लाई-ओवर पर उस समय हुआ जब सात युवकों को ले जा रही एक कार पीछे से एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार घूम गई और पीछे से आ रहे एक छोटे मालवाहक टेम्पो से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि सभी सात युवक कातारखटाव गांव के रहने वाले थे और मंगलवार को दशहरा के अवसर पर श्री महालक्ष्मी के दर्शन के लिए कोल्हापुर गए थे। वे अपने गांव लौट रहे थे तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित