मुंबई , जुलाई 20 -- महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खोपोली स्थित पेशवाकालीन ऐतिहासिक शिव मंदिर से भगवान शिव के शिवलिंग पर चढ़ा करीब 12 किलोग्राम वजनी चांदी का मुकुट चोरी हो गया। पुलिस के अनुसार, चोरी हुए मुकुट की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गयी है। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात चोर मंदिर में घुसकर शिवलिंग पर स्थापित चांदी का मुकुट लेकर फरार हो गये। यह घटना ऐसे समय हुई है जब मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिससे मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
मामले में खोपोली पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। चोरी की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन हिरे की निगरानी में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और अन्य फोरेंसिक सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर सर्च अभियान भी शुरू कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित